ब्रेकिंग न्यूज

रेलवे -11,127 असिस्टेंट लोको पॉयलट की होगी भर्ती


भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे तकनीकी योग्यता वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने उत्तर मध्य रेलवे समेत देश भर के 17 रेल जोन में वर्ष 2026 के दौरान सहायक लोको पायलट (ALP) के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, देशभर के विभिन्न जोनल रेलवे में कुल 11,127 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी करने की मंजूरी दे दी गई है। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो 457 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया होगी।
रेलवे बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र लिखकर पदों का ब्योरा साझा किया है। इसमें बताया गया है कि मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली  (HRMS) के माध्यम से रिक्तियों का आकलन करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इस भर्ती को हरी झंडी दे दी है।यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (सीईएन) के तहत लेवल-2 के पदों पर होगी। जोनल रेलवे वार बात करें तो सर्वाधिक 1625 पदों पर नियुक्ति पूर्वी तटीय रेलवे में की जाएगी। इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे में 1531, मध्य रेलवे में 1400, उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे में 1276 पदों पर भर्ती होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के भी 105 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया इसी वर्ष होगी।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में एससी/एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए तय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसमें बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही नई नियुक्तियों के आने से उन कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी जो लंबे समय से इंटर-रेलवे ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं