सीएम योगी ने कहा आज भी मौजूद हैं राक्षसी ताकतें
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को विजयादशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना की। विजय दशमी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भले ही परिस्थितियां बदल गई हैं लेकिन राक्षसी ताकतें अब भी मौजूद है। मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर रामायण और महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि तब से अब तक केवल नाम और परिस्थितियां बदली हैं।लेकिन नकारात्मक पात्र आज भी हमारे आधुनिक समाज में मौजूद हैं। स्थिति और पात्र रामायण एवं महाभारत काल जैसे हैं।मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि अब भी हमारे समाज में ताड़का और शूर्पनखा जैसे राक्षस मौजूद हैं। ये ताकतें समाज को प्रभावित कर रही हैं।हमें इन ताकतों से सतर्क रहना होगा। उन्होंने ख़ासतौर पर उन लोगों से चेताया जो जात-पात और छुआछूत के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने समाज को बांटने वाले लोगों को पूर्व जन्म की ताड़का मारीच और शूर्पनखा जैसे राक्षस बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने सनातन धर्म के खिलाफ तब भी काम किया और अब भी कर रहे हैं।जो लोग आज हमारी बेटियों के लिए खतरा हैं।वे जरूर पूर्व जन्म में दुर्योधन या दुशासन के साथ रहे होंगे. सनातन धर्म महज पूजा पद्धति नहीं है। बल्कि सभी जीव-जंतुओं और पूरे ब्रह्मांड के कल्याण की गारंटी है। उन्होंने उन लोगों की आलोचना की जो भारत के वैभव को लेकर गर्व नहीं करते और सत्ता में रहने के दौरान भगवान राम एवं कृष्ण के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े किए तथा सनातन धर्म को बांटने का प्रयास किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 सालों में भारत की जनता जाग गई है।देश अब विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।जहां विरासत और प्रगति का संगम हो रहा है तथा यह राम राज्य की याद ताजा कराता है। मुख्यमंत्री योगी ने विजयादशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 साल पूरे होने पर कहा कि आज दुनिया में किसी अन्य संगठन के पास ऐसा शानदार स्वरूप नहीं है।RSS का निर्माण राजनीतिक ताकत पर नहीं हुआ बल्कि स्वयंसेवकों के कठिन परिश्रम बुद्धिमत्ता और निस्वार्थ समर्पण से हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं