ब्रेकिंग न्यूज

दारोगा ने महिला के सामने रखी शर्त,10 हजार दो या मेरे साथ


मजदूरी के लिए घर से गए पति के गायब होने से महिला परेशान है। थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पति की तलाश के लिए गुहार लगाई। आरोप है कि जांच कर रहे दारोगा ने महिला से शर्त रख दी। इसमें दस हजार रुपये या शारीरिक संबंध बनाने को कहा गया। महिला कुछ दिन तो बचने की कोशिश में रही मगर दारोगा ने पहले तो महिला को उसके कमरे में दबोच कर दुष्कर्म का प्रयास किया। सफल नहीं हुआ तो अपने कमरे पर बुलाने के लिए वायस संदेश भेजे। महिला रिकॉर्डिंग होने की कहकर बची तो दारोगा मोबाइल छीनकर साक्ष्य मिटाने की भरपूर कोशिश करने लगा। इसकी शिकायत महिला ने राज्यपाल को पत्र भेजकर की है। साथ ही इच्छामृत्यु की मांग की है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कर रही हैं। 30 वर्षीय पीड़िता के अनुसार पति से विवाद के बाद गांव के राजू के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। राजू के मां-पिता इस विवाह से खुश नहीं थे। इसके कारण राजू उसे लेकर दिल्ली रहा था। 26 जनवरी को बल्लभगढ़ में मजदूरी करने की कहकर राजू घर से गया। तभी से गायब है। उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। दो मार्च को हरदुआगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि यह दारोगा पूछताछ के बहाने लगातार उसे थाने बुलाने लगा। दो तीन दिन बीतने पर दरोगा ने पति को खोजने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड शुरू कर दी। छह मार्च को उसके कमरे में आ घुसा और छेड़खानी करने लगा। दुष्कर्म की कोशिश भी की। पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं