बदला मौसम का मिजाज, आज कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
लखनऊ पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम का मिजाज बदल चुका है। हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड की वर्षा ने उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी अपना असर छोड़ा है।परिणाम स्वरूप शुक्रवार को पूरे दिन खुलकर धूप नहीं निकल सकी। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से दिन की अपेक्षा रात की गर्मी बढ़ गई। मौसम विज्ञानी के अनुसार अभी अगले दो दिन तक आसमान में छिटपुट बादल जमे रहेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होगी। नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद व आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। साथ ही ओले गिरने से ठंड बढ़ गई है।आंकड़ों की बात करें तो धूप की लाचारी की वजह से अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस तक ही सिमट गया। यह सामान्य से कम रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान पर मौसम के बदलाव का ठीक विपरीत प्रभाव पड़ा। यह बीते दिन के मुकाबले करीब चार डिग्री चढ़ गया। 17.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचकर सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक हो गया।मौसम विज्ञानी ने बताया कि अफगानिस्तान व पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। वह तिब्बत की ओर बढ़ रहा है। इस क्रम में हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के पहाड़ों पर वर्षा और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। दोपहर बाद चलने वाली पछुआ हवा पहाड़ों पर बने बादलों को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचा रही हैं। इससे नमी भी बढ़ जा रही है।शनिवार को बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, बस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर ,गोंडा, बलरामपुर, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, फरुखाबाद, पीलीभीत, बरेली, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रामपुर में बारिश होगी। इससे मौसम में परिवर्तन आएगा। वहीं 2 मार्च को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। अभी फिलहाल नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, बिजनौर, मेरठ में बादल छाए हुए हैं। रात से यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसे ही बने रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं