सुल्तानपुर दुर्गापूजा महोत्सव में विसर्जन शोभायात्रा हुई शुरू
सुल्तानपुर जिले में गुरुवार को देर शाम जिलाधिकारी ने प्रथम बड़ी दुर्गा मां की विधिविधान से पूजा अर्चना कर ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव में विसर्जन शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विसर्जन शोभायात्रा के आरंभ होते ही जमकर आतिशबाजी हुई और हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां का जयकारा लगाया। जयकारों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। दरअसल गुरुवार को देर शाम जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक ने शहर के ठठेरी बाजार में विसर्जन शोभयात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। शोभायात्रा में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने रथ पर सवार मां दुर्गा की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।
इस दौरान प्रथम बड़ी दुर्गा पूजा समिति और केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों ने डीएम और एसपी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।तदुपरांत जिलाधिकारी ने हरी झण्डी दिखाकर मां के रथ को रवाना किया तो वही पुलिस अधीक्षक ने लाल झंडी दिखाकर मां के रथ को कुछ समय के लिए रोक दिया। अब प्रथम दुर्गा के रथ के पीछे सभी प्रतिमाओं का रथ कतारबद्ध होकर विसर्जन शोभयात्रा में शामिल होगा।माल्यार्पण और आरती श्रृंगार के बाद हरी झंडी दिखाकर प्रतिमाओं के रवाना होते ही आकाश में जमकर आतिशबाजी हुई और श्रद्धालुओं ने मां का जयघोष किया।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले के सभी थानों से फोर्स मुख्यालय पर तैनात की गई है। पुलिस बल और यातायात पुलिस की मदद से शोभायात्रा को आगे बढ़ाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। गाजे-बाजे, डीजे के साथ लगातार 48 घंटे तक विसर्जन शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और कल शाम पौराणिक स्थल सीताकुंड घाट पर इन प्रतिमाओं का विसर्जन आरम्भ होगा जो 19 अक्टूबर की देर शाम समाप्त होगा। लिहाजा स्वयंसेवी संगठन और नगरपालिका के तरफ से विसर्जन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं