ब्रेकिंग न्यूज

सिपाही ने चुराई दरोगा की सरकारी पिस्टल, पुलिस ने किया गिरफ्तार


हाथरस जिले में UP-112 की PRV में तैनात उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल और मैगजीन चोरी होने के मामले में पुलिस ने UP-112 के एक सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पिस्टल और मैगजीन भी बरामद करली गई है। सिपाही को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।UP-112 की PRV में तैनात जोगेंद्र सिंह ने 9 मार्च को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह 5 मार्च से 3 दिन के अवकाश पर गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकारी पिस्टल और 10 मैगजीन पुलिस क्लब की अपनी बैरक में बक्से में रखी थी। अवकाश से वापस आने पर बक्से का ताला टूटा मिला और सरकारी पिस्टल व मैगजीन गायब थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस अधीक्षक  ने जोगेंद्र सिंह को लापरवाह मानते हुए निलंबित कर दिया था।घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो टीमें गठित की थीं। CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले थे। इनसे पता चला था कि UP-112 की PRV में जोगेंद्र सिंह के साथ ही तैनात सिपाही संभल जनपद के थाना बहजोई देहात के गांव कच्ची मड़ैया निवासी राहुल गौतम ने चोरी की है। घटना के बाद राहुल बिना किसी सूचना के गैरहाजिर हो गया था तब से उसकी तलाश चल रही थी। शहर कोतवाल ने शुक्रवार को राहुल गौतम को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पूछताछ के दौरान उसने पिस्टल चोरी की बात कबूल की और उसकी निशानदेही पर पिस्टल व 10 मैगजीन बरामद करली गईं। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किया गया सिपाही 2019 में पुलिस में भर्ती हुआ था।

कोई टिप्पणी नहीं