ब्रेकिंग न्यूज

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में घुसा पानी


सुलतानपुर उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर सुलतानपुर जिले में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जिससे तराई इलाके के कई गांवों पर बाढ़ का संकट मड़राने लगा है। किसानों के खेत में पानी भरने से फसलों का डूबना शुरू हो गया है। जिससे किसान हलाकान हैं।

गोमती नदी के तराई इलाकों में किसानों की फसल डूबनी शुरू हो गयी है। एक सप्ताह से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालत यह है कि नौगंवातीर, भण्डरा परशुरामपुर, नीरसहिया, तिरछे, कुम्हाई, लाला का पुरवा सहित कई गांवों की तराई के सैकडों बीघा खेतों में पानी भरना शुरू हो गया है।किसानों की चरी व धान तिल्ली आदि फसल पानी से जलमग्न हो गया है।

किसानों ने बताया कि बाढ़ से जानवरों के लिए काफी संकट खड़ा हो जाता है। हर वर्ष गोमती नदी का जलस्तर जैसे बढ़ता है तराई होने की वजह से फसल पहले नदी की चपेट में आ जाती है।किसानों का कहना है कि अगर जल्दी नदी का जलस्तर घट जायेगा तो हो सकता है फसल बच जाय। नहीं तो नहीं बच पायेगी। इससे जानवरों के सामने चारे का संकट खड़ा हो जायेगा। तराई में दूध व्यवसाय के लिए किसान काफी संख्या में जानवर रखते हैं। एक तरफ जहां तराई क्षेत्र में फसलें जल में समा गई है वहीं कुड़वार धनपतगंज मार्ग पर नौगवा व मायंग गांव के बीच में करीब दो सौ मीटर सड़क पर नदी के पानी से लबालब भरा हुआ है।


कोई टिप्पणी नहीं