प्रेमी से करवाई पति की हत्या,12 दिनों तक पुलिस को घुमाती रही पत्नी
संभल जिले में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या करवा दी। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर उसके शव को दफन करवा दिया। वहीं पति की गुमशुदगी होने की बात कहते हुए रोती-बिलखती रही। 12 दिनों तक उसने ऐसे ही पुलिस को गुमराह किया। गुरुवार को पुलिस ने पत्नी समेत 3 को गिरफ्तार किया। पुलिस के सामने महिला ने कबूल करते हुए कहा वो मेरे प्यार में रोड़ा बन रहा था इसलिए मरवा दिया।पूरा मामला थाना एचौड़ा कम्बोह के गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर का है। यहां 2 सितंबर को लापता हुए एक युवक की डेडबॉडी बरामद की गई है। युवक का शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। मामले में पुलिस ने पहले दो युवकों को गिरफ्तार किया।थाना हाजा में वीर सिंह नाम के एक युवक ने अपने भाई कमल सिंह पुत्र करन सिंह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि बड़ा भाई कमल 2 सितंबर को घर से निकला और अभी तक वापस नहीं लौटा है। पुलिस ने कमल सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी।मामले में पुलिस ने कमल सिंह की पत्नी राजो से पूछताछ की। तब राजो ने रोते-बिलखते हुए कुछ भी मालूम न होने की बात पुलिस से की। कमल सिंह के लापता होने के बाद पुलिस लगातार 10 दिन तक ग्रामीणों और कमल के रिश्तेदारों से पूछताछ की।कमल की तलाश के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी उसकी फोटो को साझा किया। वहीं सर्विलांस की मदद ली गई। कमल की कॉल रिकॉर्ड को खंगाला गया। इसके साथ ही ग्रामीणों से पूछताछ में कई क्लू मिले। लिहाजा पुलिस ने असमौली थाना क्षेत्र के मालपुर गांव के रहने वाले हरनाम उर्फ भगत और अजेंद्र को डिटेन किया।दोनों ने पुलिस की पूछताछ में एक-एक कर पूरी कहानी सुनानी शुरू की। पहले तो हरनाम कुछ भी बताने से बचता रहा। लेकिन उसके दोस्त अजेंद्र ने पुलिस की कड़ाई में बताया कि उसी के कहने पर कमल की हत्या की गई थी।बकौल पुलिस अजेंद्र ने पुलिस को बताया कि हरनाम और कमल सिंह की पत्नी राजो के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों में अवैध संबंध भी थे। इसका पता कमल को चल गया था। वो हर रोज राजो से मारपीट करने लगा था। इसके बाद हरनाम ने ही मुझसे उसकी हत्या करने की बात कही।अजेंद्र के कबूलनामे के बाद पुलिस ने हरनाम से सख्ती से पूछताछ की। हरनाम ने कहा कमल और मैं एक-दूसरे को जानते थे। दोनों साथ काम करते थे। इसी बीच मेरा उसके घर में आना-जाना हुआ। इस दौरान उसकी पत्नी राजो से मेरी फोन पर बात होने लगी। हम दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। हमारे बीच अवैध संबंध बन गए थे।जिसका पता कमल को चल गया था।हरनाम ने कहा 2 सितंबर से पहले ही राजो ने मुझे अपने पति को बीच रास्ते से हटाने की बात कही थी। इसके बाद 2 सितंबर को राजो और कमल मालपुर आए थे। उस दिन कमल ने बहुत शराब पी रखी थी। मैं अपने साथी अजेंद्र के साथ राजो के बताए गए पते पर पहुंचा। मुझे देखते ही कमल गाली-गलौज करने लगा। हम हत्या की प्लानिंग के साथ गए थे। हमारे पास फावड़ा था। इसी से उसे मारना शुरू कर दिया।प्रेमी हरनाम ने पुलिस को बताया कि फावड़े से उसने कमल की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने राजो को हिरासत में लिया। राजो ने पूछताछ में बताया उस दिन मैं कमल को लेकर मालपुर गांव के सूनसान जगह पर पहुंची थी। वो मुझसे बार-बार झगड़ा कर रहा था। उसकी हत्या के बाद हरनाम अजेंद्र और मैं उसका शव लेकर गोपाल के गन्ने के खेत के पास गए। यहां उसे दफना दिया।राजो ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल से दोनों के बीच अवैध संबंध चल रहा था। मामले में ASP ने बताया कि तीनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़े को बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही शव को बरामद किया गया है। शव कंकाल में तब्दील हो गया था, उसका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। तीनों के खिलाफ हत्या समेत तमाम धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं