ब्रेकिंग न्यूज

37 जिलों में बरसात की संभावना,लखनऊ में बूंदाबांदी


 लखनऊ उत्तर प्रदेश में बिपरजॉय का असर दिखने लगा है। सोमवार सुबह गाजियाबाद नोएडा और झांसी में तेज बारिश हुई। वहीं लखनऊ में भी बूंदाबांदी हुई।झांसी में सोमवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए है और रिमझिम बारिश हो रही है। दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बिपरजॉय के कारण झांसी के मौसम ने करवट बदली है। 3 दिनों तक इसका असर रहेगा। 35 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है।  जबकि कई शहरों में बादल छाए हुए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 37 जिलों में आज बिपरजॉय का प्रभाव दिखाई देगा। यहां 40 KM की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं बारिश के भी आसार बने हुए हैं।जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों को आज भी हीटवेव का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने बताया साइक्लोन की वजह से मानसून भी तेजी से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी ने बताया कि बिपरजॉय का असर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब 37 जिलों पर 48 घंटे तक रहेगा। हालांकि हालात चिंताजनक नहीं हैं। 20 जून से उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। कानपुर में भी देर रात घने बादल छाए हैं।रविवार के मौसम की बात करें तो झांसी, सहारनपुर, बिजनौर में साइक्लोन के असर की वजह से तेज बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार तप रहे प्रयागराज और वाराणसी का तापमान बीते 24 घंटे में 2 डिग्री तक गिर गया है। यहां अधिकतम तापमान 46°C तक चल रहा था। रविवार को यहां तापमान 44.2°C दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में मेरठ सबसे ठंडा जिला रहा यहां का तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने बताया बिपरजॉय गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ होते हुए पूर्वी राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगा। 3 दिन तक तूफान का असर रह सकता है। इसके चलते पछुआ हवा में थोड़ी नमी आएगी। जिससे तापमान गिरना शुरू होगा।पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानी के मुताबिक, तूफान की वजह से निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा और बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी (नम) हवाओं को अपनी ओर खींच लेगा। मानसूनी हवाएं पश्चिम बंगाल और बिहार से आते हुए उत्तर प्रदेश में बारिश करेंगी। वहीं कुशीनगर, गोरखपुर, वाराणसी, जौनपुर, बलिया, मऊ में हीटवेव का असर रहेगा।

इन जिलों में हवा का दबाव बना तो होगी बारिश

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज में भी बारिश के आसार है। लेकिन हवा का दबाव नहीं बनने पर बादल बिना बरसे लौट भी सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं