ब्रेकिंग न्यूज

दुल्हन का हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल , पुलिस जांच में जुटी


हाथरस जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्टेज पर बैठी हुई दुल्हन अपने हाथ में रिवाल्वर लेकर हर्ष फायरिंग कर रही है। साथ में उसका दूल्हा भी बैठा है। बताया जा रहा है कि दुल्हन ने चार राउंड फायरिंग की है।वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि साइड में खड़े एक युवक ने इस दुल्हन को रिवाल्वर पकड़ाई। उसके बाद दुल्हन ने हवा में चार फायर किए। फायर करने के बाद दुल्हन ने रिवाल्वर पर स्टेज पर खड़े युवक को दे दी। यह वीडियो हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर में एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह का बताया जा रहा है।बताते हैं कि इस गेस्ट हाउस में यह शादी शुक्रवार को ही हुई थी। इसी दौरान दुल्हन ने वहां हर्ष फायरिंग की। दुल्हन हाथरस जंक्शन क्षेत्र की बताई जा रही है और जो युवक इसे रिवाल्वर दे रहा है वह भी हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी मिलते ही इलाका पुलिस वायरल वीडियो की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।दुल्हन द्वारा हर्ष फायरिंग किये जाने के मामले में थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी का कहना है कि शादी समारोह में दुल्हन द्वारा हर्ष फायरिंग किये जाने का मामला संज्ञान में आया है वीडियो के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं