ब्रेकिंग न्यूज

हर्ष फायरिंग का कंपटीशन, 2 की मौत


लखनऊ चित्रकूट जिले में हर्ष फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात आई बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान 4 लोगों को गोली लग गई जिसमें मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मंगलवार रात रैपुरा थाना क्षेत्र के इटावा महुलिया गांव से राजापुर थाना क्षेत्र के छैबो गांव निवासी धइया यादव के घर बारात आई थी।

धइया यादव के चौथे नंबर की बेटी बुधिया की शादी महुलिया निवासी शंकर यादव के साथ हो रही थी। देर रात जयमाला कार्यक्रम के समय बारात पक्ष के 2 व्यक्ति हर्ष फायरिंग करने लगे। देखते ही देखते दोनों में हर्ष फायरिंग का कंपटीशन होने लगा। दोनों ने एक-दूसरे पर भारी पड़ने के लिए इतनी फायरिंग की कि गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव सहम गया।जयमाला के समय मौजूद ग्रामीणों ने वहां का आंखों देखा हाल बताया। ग्रामीणों ने कहा देर रात जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ था। खुशी का माहौल होने के चलते लोग नाच-गा रहे थे। जयमाला कार्यक्रम में बारात पक्ष से राम लखन और रामकरण भी आए हुए थे। दोनों वहां बैठे हुए थे। इसी बीच 2 बारातियों ने हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी।लगभग 15 मिनट तक धुंआधार हर्ष फायरिंग होती रही। दोनों एक-दूसरे से कंपटीशन करने लगे। गोलियों की तड़तड़ाहट सुन गांव के अन्य लोग भी वहां आ गए। ग्रामीणों ने कहा, एकाएक पता नहीं क्या हुआ कि राम लखन, रामकरण और दो अन्य को गोली लग गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। घटना के बाद जयमाला में मौजूद लोग वहां से फरार हो गए। इसी बीच हर्ष फायरिंग करने वाले भी वहां से भाग निकले।ग्रामीणों ने कहा आनन-फानन में इसकी जानकारी राजापुर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी  पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुल्हन के पिता  ने बताया पूरी बारात यहां से गायब हो गई है। बरात का जनवासा गांव के कंपोजिट विद्यालय में था जहां बारातियों के जूते छूट गए हैं।थाना प्रभारी  ने बताया हर्ष फायरिंग की घटना छैबो गांव की है। बंदूक में कारतूस लोड करते समय यह हादसा हुआ है जिसमें 2 की मौत हो गई जबकि 2 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना राजापुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है

कोई टिप्पणी नहीं