ब्रेकिंग न्यूज

शराब पीकर मंडप में पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इंकार


 लखनऊ दूल्हे के लड़खड़ाते कदमों ने थाने की सैर करवा दी। रात में सारी रस्में पूरी हो चुकी थीं। सुबह दुल्हन मंडप में बैठी थी। तभी दोस्तों की जिद पर शराब पीने के बाद दूल्हा लड़खड़ाते कदमों के साथ मंडप तक पहुंच गया। दूल्हे को डोलता देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। उसके बाद काफी हंगामा हुआ और मारपीट तक की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को थाने ले आई। जहां दिन-भर मान मनौवल का दौर चलता रहा। लेकिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। फिलहाल समझौते के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे को दिए सामान को वापस कर दिया। उसके बाद बगैर दुल्हन के दूल्हा वापस लौटने का मामला चर्चा का विषय बना रहा।गुरूवार की रात पीलीभीत जिले के बीसलपुर में रहने वाला युवक की शादी की थी। युवक दूल्हा बना और शाहजहांपुर के निगोही में दुल्हन के घर बरात लेकर आया। रात भर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग एक दूसरे की इज्जत करते रहे और शादी की सारी रस्में पूरी कर ली गईं। सुबह होते-होते दूल्हा अपने दोस्तों के साथ एक कमरे में चला गया। जहां दोस्तों की जिद करने पर दूल्हे ने शराब पी ली। शराब का नशा ऐसा चढ़ा कि दूल्हा भूल गया कि शादी उसी की है। लड़खड़ाते कदमों के साथ दूल्हा मंडप तक पहुंच गया। जहां पहले से दुल्हन और उसके परिवार के लोग बैठे थे। दूल्हे को शराब के नशे में डोलता देख दुल्हन ने फौरन शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन की विदाई से इंकार की खबर सुनते ही दूल्हे के परिजन विरोध करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों में बात इतनी बिगड़ गई कि गाली-गलौज से लेकर मारपीट तक की नौबत आ गई। उसके बाद दुल्हन पक्ष ने निगोही थाने फोन कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शराबी दूल्हे को थाने ले आई। जहां दिन-भर दूल्हा और उसके परिजन दुल्हन को मनाते रहे, लेकिन नतीजा कोई नहीं निकला ।जानकारी के अनुसार दुल्हन पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दिन-भर दूल्हे को थाने में बैठाए रखा। जिसके बाद दूल्हे ने हर तरह से पुलिस से लेकर दुल्हन को समझाने का प्रयास किया कि वह शराब नहीं पीता है। दोस्तों के जिद करने पर उसने शराब पी ली थी। आगे से कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाएगा। लेकिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। उसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता किया कि एक दूसरे को दिया गया सारा सामान वापस किया जाएगा। तब जाकर दुल्हन पक्ष ने शिकायत वापस कर ली और बगैर दुल्हन के दूल्हा अपने घर लौट गया।

कोई टिप्पणी नहीं