ब्रेकिंग न्यूज

रायबरेली में अखिलेश का सॉफ्ट हिंदुत्व वाला चेहरा,होर्डिंग्स में दिखाया गया कृष्ण का अवतार


लखनऊ सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का सॉफ्ट हिंदुत्व वाला चेहरा दिखाया गया है। उनके भगवान कृष्ण की अवतार वाली होर्डिंग्स रायबरेली की सड़कें पर देखने को मिली हैं। वो भी तब जब स्वयं अखिलेश विजय रथ यात्रा लेकर यहां पहुंचे हैं। और आज उनकी यात्रा का दूसरा दिन है।बता दें कि आज अखिलेश यादव सोनिया के गढ़ में दूसरे दिन हुंकार भरेंगे। वो यहां रायबरेली की सदर, ऊंचाहार और सलोन विधानसभा में जनसभा करेंगे। रथ यात्रा लेकर निकलने से पहले अखिलेश पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। उनके स्वागत में महिलाएं फूल मालाएं लेकर यहां पहुंच चुकी हैं। कल तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा करके जब वो पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे तो गेस्ट हाउस के बाहर कार्यकर्ताओं हुजूम उमड़ पड़ा था। अखिलेश ने यहां पार्टी के पदाधिकारियों और टिकटार्थियों से मुलाकात की थी। गौरतलब हो कि कल रायबरेली में अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा था कि कांग्रेस और सपा सम्मान और शिष्टाचार के नाते एक दूसरे के लिए लोकसभा सीटें छोड़ते आए हैं। लेकिन ये विधानसभा का चुनाव है जिसे सपा हमेशा से पूरी ताकत से लड़ती चली आई है और यहां सपा को बड़ी जीत मिली है। उधर जब अखिलेश यादव सोनिया के गढ़ में जनसभा कर रहे, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ रहा ठीक उसी समय आज स्मृति ईरानी के गढ़ अमेठी में राहुल-प्रियंका एक बार फिर अपनी राजनैतिक जमीन तलाशने पहुंच रहे हैं। ख़ास बात यह है कि अखिलेश अमेठी लोकसभा की सलोन विधानसभा सीट पर विजय रथ यात्रा लेकर पहुंचेगे तो कुछ किमी दूर पर राहुल-प्रियंका भाजपा हटाओ को लेकर पद यात्रा निकालेंगे। देर शाम जब अखिलेश रायबरेली से वापस होंगे तब प्रियंका रायबरेली पहुंचेगी। वो रविवार को यहां रिफॉर्म क्लब के मैदान में शक्ति संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी।

कोई टिप्पणी नहीं