ब्रेकिंग न्यूज

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु के अस्पताल में निधन, राष्ट्रपति प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया


नई दिल्ली सीडीएस जनरल रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार को निधन हो गया। इंडियन एयरफोर्स ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। एयरफोर्स ने कहा कि ग्रुप कैप्टन वरुण ने गंभीर चोटों की वजह से दम तोड़ दिया। तमिलनाडु के कुन्नूर में 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर हादसे में घायल होने के बाद पहले उन्हें वेलिंगटन के आर्मी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया गया था। वे 8 दिन से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे।गैलेंट्री अवॉर्ड विनर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह सैन्य परिवार से आते हैं। उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी वरुण सिंह का परिवार तीनों सेनाओं से जुड़ा है- आर्मी, नेवी और एयरफोर्स। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह इंडियन एयरफोर्स से थे। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल केपी सिंह आर्मी एयर डिफेंस  की रेजिमेंट में थे। कर्नल केपी सिंह के दूसरे बेटे और ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के छोटे भाई लेफ्टिनेंट कमांडर तनुज सिंह इंडियन नेवी में हैं। वरुण का परिवार इन दिनों भोपाल में रहता है।उत्तर प्रदेश देवरिया  के रहने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को इसी साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। उन्हें यह अवॉर्ड फ्लाइंग कंट्रोल सिस्टम खराब होने के बाद भी 10 हजार फीट की ऊंचाई से तेजस विमान की सफल लैंडिंग कराने पर दिया था। वरुण ने आपदा के समय धैर्य नहीं खोया और आबादी से दूर ले जाकर विमान की सफल लैंडिंग कराई थी। इस काम के लिए उन्‍हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कुन्नूर हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त की।उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुन्नूर हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। 

कोई टिप्पणी नहीं