12 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी अयोध्या
लखनऊ भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2021 पर एक नया रिकॉर्ड बनेगा। दीपोत्सव-2021 को पहले से अधिक भव्य और वैश्विक पटल पर अविस्मरणीय बनाने की योजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भर में दीपोत्सव-2021 का आयोजन होगा।इसमें आकर्षण का केंद्र एक बार फिर अयोध्या का पांच दिवसीय दीपोत्सव होने जा रहा है। इस बार दीपोत्सव के दौरान प्रभु राम की नगरी में 12 लाख दीपों को जलाया जाएगा। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर 9 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। यह एक प्रकार से विश्व रिकॉर्ड होगा। इसके अलावा अयोध्या नगरी में 3 लाख दीपों को प्रज्ज्वलित किया जाएगा।लेजर लाइट में भव्य रामायण का हेरिटेज लुक में शो दिखाया जाएगा।
पांच दिवसीय दीपोत्सव को विश्व स्तर पर यादगार बनाये जाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपावली की पूर्व संध्या पर तीन नवंबर को प्रदेश के हर गांव से आने वाले पांच मिट्टी के दीये प्रभु श्रीराम की नगरी को रोशन करेंगे। अयोध्या में एक नवंबर से दीपोत्सव शुरू हो गया है।इसके लिए राज्य के 90 हजार से अधिक गांवों में से प्रत्येक से पांच मिट्टी के दीपक समय पर अयोध्या पहुंचेंगे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही घोषणा की थी कि अयोध्या में इस बार के दीपोत्सव में 12 लाख मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे।साथ ही, उत्तर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में पीएम व सीएम की आवास योजनाओं के अनुमानित नौ लाख लाभार्थी अपने घर के बाहर एक-एक दीया जलायेंगे।इस दीपोत्सव में कम से कम 9 लाख दीये जलाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए पर्यटन विभाग कम से कम 12 लाख मिट्टी के दीये जलाने की योजना बना रहा है, ताकि 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले दीपोत्सव के दौरान एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं