ब्रेकिंग न्यूज

अमेठी में जगी महिला सशक्तिकरण की अलख: मनरेगा में महिलाएं बनाई गई मेड; 15 से 20 मजदूरों पर हुई एक महिला मेड की तैनाती, 682 ग्राम पंचायतों में अबतक रखी गई 250 महिला मेड


अमेठी । दिल्ली में मोदी और यूपी में योगी सरकार आने के बाद से महिला सशक्तिकरण पर काफी बल दिया गया। ऐसे में अब महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार का दावा अमलीजामा पहनता हुआ नजर आ रहा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में इसकी अलख जाग उठी है। यहां मनरेगा में मेड के तौर पर 250 महिलाओं का चयन किया गया है।बता दें कि यूपी में पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद गांव-देहात में विकास कार्य भी शुरु हो गए हैं। ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, तालाब, नाली-खड़ंजा आदि का निर्माण करा रहे हैं। ये सभी विकास कार्य महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत हो रहा है। जिसमें गांव के गरीब मजदूरों को कार्य मिल रहा है। ऐसे में शासन स्तर पर 15 से 20 मजदूरों पर एक मेड रखने का प्राविधान है। जिसकी देख-रेख में कार्य कराया जाता है। शासन ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस बार ग्राम पंचायत स्तर पर मनरेगा में महिला मेड के चयन का निर्देश दे रखा है। इससे पहले इस काम को पुरुष मेड ही देखते थे।सीडीओ अमेठी अंकुर लाठर ने बताया कि महिला को सशक्त करने के लिए हमें शासन स्तर से निर्देश मिला है कि हम मेड का चयन महिला में से ही करें। अब तक जिले में 682 ग्राम पंचायतो में 250 के आसपास महिला मेड का चयन किया जा चुका है। उन्होंने ये भी बताया कि 15 से 20 मजदूरों पर एक मेड का चयन किया जाता है। सीडीओ ने बताया कि जिले में मनरेगा मजदूरों में 35 प्रतिशत मजदूर महिलाएं हैं। ऐसे में महिला मेड होगी तो महिला मजदूर और आगे आकर काम करेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं