ब्रेकिंग न्यूज

प्रधानमंत्री ने कहा वैक्सीन लगवाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 27 जून  को रेडियो पर मन की बात प्रोग्राम के जरिए देश को संबोधित किया।प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के बैतूल के एक गांव के लोगों से बात की। गांव के लोगों ने उन्हें बताया कि हमारे यहां कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इससे मौत हो रही है।

इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वैक्सीन पर हमें भ्रम नहीं फैलने देना है। मैंने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं। मेरी मां ने 100 साल की उम्र में वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए हैं। आपके गांव में जो भ्रम फैलाया गया है, उसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। हमारे देश के 20 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन ली है। ऐसा कुछ भी नहीं है। आप भी वैक्सीन लगवाइए। और बाकियों को भी प्रेरित करिए।बैतूल के गांव में रहने वाले किशोरी लाल से प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा कि आपने भी वैक्सीन पर फैलाए जा रहे भ्रम के बारे में सुना है क्या? किशोरी लाल ने जवाब दिया कि रिश्तेदार बताते हैं कि कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद लोग बीमार हो जाते हैं। लोगों की मौत हो जाती है। इस पर मोदी ने कहा कि इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना। हमें जिंदगी बचानी है, लोगों को बचाना है, देश को बचाना है। यह बीमारी बहरूपिए की तरह है। यह रंग रूप बदलकर हमला करती है।उन्होंने आगे कहा कि वैक्सीन हमारा हथियार है। इसे जरूर लगवाना है। हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी मेहनत कर के वैक्सीन बनाई है। दिन-रात एक करके उन्होंने हमें कोरोना के खिलाफ हथियार दिया है। अफवाहों से बचकर रहें और अफवाह फैलाने वालों को भी बताएं कि ऐसा न करें इस अभियान में माताओं-बहनों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोड़ना चहिए।

कोई टिप्पणी नहीं