ब्रेकिंग न्यूज

मथुरा जेल में महिला को फांसी देने की चल रही तैयारी


लखनऊमथुरा जेल में  महिला को फांसी देने की तैयारियां चल रही हैं। फांसी की तारीख तय होना बाकी है।   शबनम की फांसी की तैयारियां यहां शुरू हो गई हैं।मथुरा की जिला जेल उत्तर प्रदेश की इकलौती ऐसी जेल है, जिसमें महिलाओं को फांसी लगाई जा सकती है। यह व्यवस्था ब्रिटिशकालीन है। यही वजह है कि इस बार यहां अमरोहा की शबनम को परिवार के सात सदस्यों की नृशंस हत्या के जुर्म में फांसी लगाने के लिए भेजा जाना है। शबनम की उम्र करीब 38 वर्ष है। उसके एक 12 वर्ष का बेटा भी है। जिसका जन्म उसने जेल में दिया था। हत्या के आरोप में गिरफ्तारी के वक्त शबनम गर्भवती थी। सात साल उसका बेटा जेल में ही पला। अब वह एक व्यक्ति की देखरेख में है। रामपुर की जेल में बंद शबनम को फांसी के लिए यहां लाया जाना है। हालांकि अभी उसकी फांसी की तारीख तय नहीं हुई है। उसके लिए जेल प्रशासन फांसी घर को तैयार करने में लगा हुआ है। मेरठ का पुश्तैनी जल्लाद पवन भी फांसी घर का मुआइना कर चुका है। फांसी के फंदे के लिए विशेष रस्सी मनीला से मंगाई गई है, जबकि फंदा बक्सर में तैयार हो रहा है। शबनम ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर 14-15 अप्रैल 2008 की रात को अपने ही घर में खूनी खेल खेला था। उसने अपने माता-पिता, दो भाई, एक भाभी, मौसी की लड़की और मासूम भतीजे को मार दिया था। शबनम को जल्द ही उसके गुनाह की सजा मिल जाएगी। सर्वोच्च न्यायालय से बहाल की गई फांसी की सजा के बाद राष्ट्रपति ने भी उसकी दया याचिका को ठुकरा दिया है। आजादी के बाद शबनम देश की पहली महिला होगी, जिसे मथुरा जेल में फांसी दी जाएगी। 

कोई टिप्पणी नहीं