ब्रेकिंग न्यूज

नोडल अधिकारी ने अमहट में संचालित धान क्रय केन्द्रों का किया निरीक्षण


सुलतानपुर।शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी/अपर मुख्य सचिव, राजस्व एवं बेसिक शिक्षा विभाग उ0प्र0, रेणुका कुमार ने मण्डी समिति मण्डी अमहट में संचालित धान क्रय केन्द्रों पर की जा रही धान क्रय सम्बन्धी समीक्षा बैठक करने के पश्चात धान क्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मण्डी क्रय केन्द्रों पर नमी मापक यंत्र, कांटा, पावर विनोइंग मशीन, जनरेटर आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित को दिये। नोडल अधिकारी ने सोमवार को पूर्वान्ह में मण्डी समिति द्वारा संचालित क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी अपने स्टाफ के साथ उन्हें उपस्थित मिले। मौके पर कृषक सुयस नारायन, निवासी विसानी केन्द्र पर तौल कराने आये हुए थे, जिनसे नोडल अधिकारी ने क्रय सम्बन्धी जानकारी ली। कृषक द्वारा बताया गया कि मण्डी के क्रय केन्द्र पर किसी प्रकार की किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी नहीं आ रही है। क्रय केन्द्र प्रभारी द्वारा नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया कि केन्द्र पर कुल खरीद 10601.40 कुन्तल की हुई है। सम्बद्ध मिलों को 9451.60 कुन्तल धान सीएमआर हलिंग हेतु प्रेषित किया गया है एवं अभी भी 1149.80 कुन्तल धान केन्द्र पर अवशेष है। कृषकों के भुगतान के सम्बन्ध में पाया गया कि 198.03 लाख के सापेक्ष 132.95 लाख का भुगतान किया गया है, जिस पर नोडल अधिकारी श्रीमती रेणुका कुमार ने क्रय केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि शेष किसानों का भुगतान अतिशीघ्र कराया जाय।उन्होंने खाद्य विभाग द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्र मण्डी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय से केन्द्र प्रभारी अपने स्टाफ के साथ उपस्थित मिले। मौके पर कृषक पारसनाथ वर्मा, निवासी दूबेपुर धान की तौल करा रहे थे, जिससे नोडल अधिकारी ने धान विक्रय के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की और पूंछा कि आप सबको शासन द्वारा निर्धारित रेट का मूल्य मिल रहा है या नहीं और कब कितने दिन में मिल रहा है एवं सभी कृषकों की नियमानुसार तौल हो रही है या नहीं ? नोडल अधिकारी को कृषक द्वारा बताया गया कि इस धान क्रय केन्द्र पर कोई परेशानी किसानों को नहीं हो रही है। समय से भुगतान और नियमानुसार तौल की जा रही है।तत्पश्चात नोडल अधिकारी द्वारा भारतीय खाद्य निगम द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्र मण्डी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी अपने स्टाफ के साथ उपस्थित मिले। केन्द्र पर कुल 8024.80 कुन्तल धान क्रय किया गया है एवं केन्द्र पर अभी 2170.40 धान अवशेष है। निरीक्षण के समय 3 ट्राली धान कृषकों का विक्रय हेतु खड़ी थी, जिस पर नोडल अधिकारी द्वारा क्रय केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी किसानों का धान समय से नियमानुसार तत्काल खरीद की जाय, जिससे किसी भी को धान विक्रय में असुविधा न हो।नोडल अधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी धान क्रय केन्द्रों पर किसानों से धान खरीद किया जाय तथा किसानों का नाम व मोबाइल नम्बर दर्ज किया जाय, जिससे किसानों से सम्पर्क कर उनसे धान विक्रय सम्बन्धी जानकारी प्राप्त की जा सके। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के किसी भी क्रय केन्द्रों पर किसानों को धान विक्रय सम्बन्धी समस्या नहीं आनी चाहिये। इस अवसर पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, उप जिलाधिकारी सदर रामजी लाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी सतीश चन्द्र शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्ना लाल, मण्डी सचिव हीरालाल, प्रभारी डिप्टी आरएमओ राम कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं