ब्रेकिंग न्यूज

वायुसेना में शामिल हुआ राफेल


नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना को नई ताकत मिल गई। फ्रांस से खरीदा गया बहुप्रतिक्षीत अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल आखिरकार आज औपचारिक रूप से वायु सेना के लड़ाकू विमानों के बेड़े में शामिल हो गया। अंबाला एयरबेस पर आज सुबह दस बजे से आयोजित भव्य कार्यक्रम में एयरफोर्स को 5 राफेल सौंप दिए गए। इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ फ्रांस की रक्षामंत्री भी समारोह में मौजूद हैं। हरियाणा के अंबाला स्थित वायु सेना स्टेशन में एक शानदार समारोह में यह विमान वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन का हिस्सा बन गया। अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की कमी का सामना कर रही भारतीय वायु सेना के लिए इस दिन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि क्षेत्र में शक्ति संतुलन को बदलने की ताकत रखने वाला राफेल इसी दिन उसके लड़ाकू विमानों के बेड़े की शान बनेगा

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल विमान को गेम चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि हमारी सीमाओं में हाल के दिनों में जिस तरह से बना है या बनाया गया है, उनके लिए यह सीधा संदेश है। हमारी नेशनल सिक्योरिटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी प्राथमिकता रही है। राफेल को पाने में कई अड़चनें भी आईं, मगर पीएम मोदी की इच्छाशक्ति के आगे सभी बाधाएं खत्म हो गईं और आज राफेल हमारे सामने है।राजनाथ सिंह ने कहा कि वायुसेना में राफेल का शामिल होना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। राफेल का वायुसेना के बेड़े में शामिल होना भारत और फ्रांस के बीच के प्रगाढ़ संबंधो को दर्शाता है। भारत और फ्रांस लंबे समय से आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदार रहे हैं। मजबूत लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था और सम्पूर्ण विश्व में शांति की कामना, हमारे आपसी संबंधो के आधार हैं। पूजा संपन्न होने के बाद अंबाला एयरबेस पर फ्लाईपास्ट शुरू हो गया है। राफेल अब अंबाला के आसमान में अपनी ताकत दिखा रहे हैं और उनके साथ सुखोई और जगुआर भी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं