ब्रेकिंग न्यूज

कोरोना वायरस से 3698 लोग उपचारित होकर हुए डिस्चार्ज


लखनऊ। उत्तर प्रदेश  के प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश के 75 जनपदों में 2680 कोरोना के मामले एक्टिव हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 3698 मरीज पूरी तरह से उपचारित हो चुके हैं। कल कुल 865 पूल टेस्ट किये गये, जिसमें से 775 पूल 5-5 सैम्पल के तथा 90 पूल 10-10 सैम्पल के थे।  आरोग्य सेतु अलर्ट जनरेट होने पर लोगों को कन्ट्रोल रूम से काॅल किया जा रहा है। अब तक कुल 35,932 लोगों को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गयी है। आशा वर्कर्स द्वारा कामगारों/श्रमिकों के घर पर जाकर सम्पर्क कर उनके लक्षणों का परीक्षण कर रही हैं, जिसके आधार पर आवश्यकतानुसार कामगारों/श्रमिकों का सैम्पल इकट्ठा कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आशा वर्कर्स द्वारा अब तक 9,01,543 कामगारों/श्रमिकों से उनके घर पर जाकर सम्पर्क किया गया, इनमें 926 लोगों में कोरोना के लक्षण पाये गये। उन्होंने बताया कि ग्राम एवं मोहल्ला निगरानी समितियों के द्वारा निगरानी का कार्य सक्रियता से किया जा रहा है। अब तक 91,869 निगरानी समिति के माध्यम से 72,45,753 घरों में रह रहे 3,63,83,287 लोगों से सम्पर्क किया गया है। 
श्री प्रसाद ने बताया कि घरेलू उड़ान से कल 2827 लोग आये हैं उसमें से उत्तर प्रदेश के 2007 लोग आये हैं उनको होम क्वारंटीन हेतु भेजा गया है और 721 लोग किसी कार्य से उत्तर प्रदेश में आये हैं, उन्होंने अपना विवरण दिया है उनको क्वारंटीन नहीं किया गया है, वे अपना कार्य करके वापस चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना के पाॅजीटिव मरीजों में 0-20 आयु वर्ग के 18.33 प्रतिशत, 21-40 आयु वर्ग के 52.63 प्रतिशत, 41-60 आयु वर्ग के 22.76 प्रतिशत तथा 60 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के लोगों का प्रतिशत 6.29 है।

कोई टिप्पणी नहीं