ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षक संगठनों और प्रशासन के बीच गतिरोध समाप्त, एसडीएम सदर को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी से हटाया गया


सुल्तानपुर जनगणना प्रशिक्षण के दौरान  निजी स्कूल में हुए लिफ्ट हादसे में दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाओं के घायल होने के बाद शिक्षक संगठनों और जिला प्रशासन के बीच उत्पन्न गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया। प्रशासन ने एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया को इसौली स्थित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम की जिम्मेदारी से हटा दिया है। उनके स्थान पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को प्रशिक्षण कार्यक्रम की देखरेख एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।प्रशासन और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में लिफ्ट हादसे में घायल सभी शिक्षकों के संपूर्ण इलाज का खर्च वहन करने तथा उन्हें अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। वार्ता के बाद शिक्षक संगठनों ने जनगणना प्रशिक्षण के बहिष्कार के आह्वान को स्थगित कर दिया और शिक्षकों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने पर सहमति जताई। इसके साथ ही चल रहा धरना भी समाप्त कर दिया ।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कुड़वार निजाम खान ने बताया कि शिक्षक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सकारात्मक वार्ता के बाद गतिरोध समाप्त हो गया है। उन्होंने भगवती ट्रामा सेंटर के चिकित्सक डॉ. सीएल रस्तोगी के सेवाभाव की विशेष रूप से सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल शिक्षकों के उपचार के लिए डॉ. रस्तोगी ने आर्थिक पहलुओं की परवाह किए बिना तत्काल इलाज शुरू किया।इस पर डॉ. रस्तोगी ने कहा कि घायलों की जान बचाना और उन्हें समुचित उपचार उपलब्ध कराना उनका कर्तव्य है। उनका यह मानवीय दृष्टिकोण सराहनीय है।वार्ता के दौरान प्रशासन की ओर से एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राघवेंद्र प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन, तहसीलदार अभिनव सिंह, बीएसए उपेंद्र गुप्ता एवं प्रभात पांडेय ने प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाते हुए महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय, संयुक्त मंत्री प्रशांत पांडेय, अखिल भारतीय संबद्ध शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, मंत्री राम आशीष मौर्य, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अशोक सिंह, मनोज मौर्य, धर्मेंद्र त्रिपाठी, मोहम्मद मुज्तबा, आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के मंत्री प्रदीप यादव, राम प्रसाद मिश्रा, रमन तिवारी, अवधेश पांडेय तथा लेखपाल रईस अहमद सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।प्रशासन और शिक्षक संगठनों के बीच बनी सहमति के बाद जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के पुनः सुचारु संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं