ब्रेकिंग न्यूज

यातायात माह का शुभारम्भ, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता बाइक रैली को किया रवाना


सुल्तानपुर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जनपद में यातायात माह नवम्बर–2026 का शुभारम्भ किया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता बाइक रैली एवं प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने यातायात नियमों के पालन का संदेश देते हुए लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से आमजन को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।यातायात माह के दौरान पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर न चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।पुलिस द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखें।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रामकृष्ण चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं