कोटेदारों से अवैध वसूली की तो नपेंगे अधिकारी, मंत्री ने दी सख्त चेतावनी
लखनऊ ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविंद्रालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों के हितों, सम्मान और अधिकारों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोटेदारों का शोषण करने, उनसे अवैध वसूली करने अथवा भ्रष्टाचार के जरिए उन्हें परेशान करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उचित दर विक्रेताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कोटेदारों पर अनुचित दबाव बनाया जाता है या उनसे अवैध वसूली की जाती है तो इसकी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोटेदारों के जायज हितों की रक्षा करने के साथ उनके सम्मान और अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों को भी उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए कहा कि उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। जिस प्रकार सरकार कोटेदारों के हितों और सम्मान की चिंता करती है, उसी प्रकार कोटेदारों का भी दायित्व है कि वे राशन लेने आने वाले गरीब और जरूरतमंद लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक राशन उपलब्ध कराया जाए और किसी भी लाभार्थी को राशन प्राप्त करने के दौरान अपमानित अथवा परेशान न होना पड़े।उन्होंने कहा कि निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। प्रदेश के लगभग 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों और जरूरतमंदों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्था है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान हाल ही में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में की गई वृद्धि को लेकर कोटेदार संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से अपने लाभांश में वृद्धि की मांग करते आ रहे थे। सरकार द्वारा उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना हजारों उचित दर विक्रेताओं के लिए बड़ी राहत है।प्रतिनिधियों ने कहा कि लाभांश में वृद्धि का निर्णय केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने वाला नहीं है, बल्कि इससे उनके मान-सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक संगठन अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठाता रहा है, लेकिन सरकार ने लाभांश बढ़ाकर कोटेदारों के परिश्रम और योगदान को सम्मान दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति संगठन हृदय से आभारी है।इस अवसर पर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी एवं संगठन के पदाधिकारियों ने मंत्री मनोज कुमार पांडेय का बड़ी माला पहनाकर तथा गदा भेंटकर भव्य स्वागत और सम्मान किया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि लाभांश वृद्धि का निर्णय प्रदेश के हजारों कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने के साथ आत्मसम्मान में भी वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का आभार व्यक्त करता है। साथ ही उम्मीद करता है कि भविष्य में भी कोटेदारों की समस्याओं का इसी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाता रहेगा।मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। कोटेदारों की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दोहराया कि कोटेदारों के साथ अन्याय और शोषण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। वहीं कोटेदारों को भी गरीबों के हक का राशन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सम्मान के साथ वितरित करना होगा।कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी, प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, कन्हैया शर्मा, दीप नारायण राय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में आए उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं