गोमाता को तिलक, माला और गुड़-केला खिलाकर सीएम योगी ने मनाई गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गोमाता का पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। गोपूजन के बाद सीएम योगी ने गायों और गोवंश को माला पहनाई। तिलक लगाया तथा अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाकर उनका दुलार किया। सीएम योगी गायों को उनके नाम से पुकारते और स्नेहपूर्वक दुलारते भी नजर आए।
इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। गोवंश की नस्ल सुधार की दिशा में भी गंभीरता से प्रयास करने होंगे, जिससे पशुपालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गोमाता का विशेष स्थान है। गोसेवा और गोसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।दिवाली के दिन रविवार से गोरखपुर प्रवास पर आए सीएम योगी ने सोमवार सुबह मंदिर परिसर की गोशाला में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। सीएम योगी ने बताया कि गोमहत्ता को प्रतिष्ठित करने वाली परंपरा के निर्वहन के लिए प्रदेश सरकार 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का कार्यक्रम चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। सरकार का प्रयास है कि सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराया जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए तीन प्रमुख व्यवस्थाओं के तहत काम कर रही है। पहली व्यवस्था के अंतर्गत सरकार निराश्रित गोआश्रय स्थलों का संचालन कर रही है, जहां बेसहारा गोवंश के रहने, खाने और देखभाल की व्यवस्था की जाती है।दूसरी व्यवस्था सहभागिता योजना है। इसके तहत किसान गोआश्रय स्थलों से निराश्रित गायों को लेकर उनका पालन-पोषण कर सकते हैं। सरकार की ओर से प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। एक किसान अधिकतम चार गायों का पालन कर सकता है। इस प्रकार चार गायों के पालन पर किसान को हर महीने छह हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। इससे निराश्रित गोवंश को आश्रय मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलती है। सीएम योगी ने बताया कि सरकार कुपोषित परिवारों तक दूध की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए भी विशेष व्यवस्था चला रही है। इसके तहत ऐसे परिवारों को गोआश्रय स्थलों से एक-एक ब्याई हुई गाय उपलब्ध कराई जाती है। गाय के पालन-पोषण के लिए संबंधित परिवार को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। सीएम के अनुसार, इन योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में किसानों और कुपोषित परिवारों ने उठाया है।मुख्यमंत्री ने तीसरी व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी गोआश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था की गई है। शहरों में कान्हा उपवन संचालित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गायें सड़कों पर न रहें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं। इसके लिए गोवंश के संरक्षण, भरण-पोषण और देखभाल की सुरक्षित एवं सम्मानजनक व्यवस्था की जा रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से गोसेवा की भारतीय परंपरा का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भोजन का पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की परंपरा रही है। प्रत्येक परिवार को इस परंपरा का निर्वहन करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने तीसरी व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी गोआश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था की गई है। शहरों में कान्हा उपवन संचालित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गायें सड़कों पर न रहें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं। इसके लिए गोवंश के संरक्षण, भरण-पोषण और देखभाल की सुरक्षित एवं सम्मानजनक व्यवस्था की जा रही है।उन्होंने कहा कि जो लोग अपने घरों में गाय नहीं पाल सकते, वे धर्मार्थ रूप से संचालित गोशालाओं में सहयोग करके भी गोसेवा कर सकते हैं। गोसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक दायित्व से भी जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने गोसंरक्षण के साथ गोवंश की नस्ल सुधार पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे पशुपालकों को समृद्ध बनाने की दिशा में नए अवसर मिलेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं