ब्रेकिंग न्यूज

डीएम ने खरीफ फसल धान की कटिंग कर किया शुभारम्भ


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत मौसम खरीफ फसल 2026-27 में औसत उपज/उत्पादकता के आंकड़ों के संकलन हेतु आज तहसील सदर, विकास खण्ड दूबेपुर के ग्राम पंचायत दूबेपुर में धान के फसल की कटाई कर जायजा लिया । राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित ग्राम पंचायत दूबेपुर के कृषक जगराम, रामयश के धान के खेत में समबाहु त्रिभुज का प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से फसल कटाई का प्रयोग किया ।

उक्त धान की क्रॉप कटिंग के पश्चात् उसकी मड़ाई (झड़ाई) कर तौल करायी गयी, जिसमें प्रयोग-1 में 17.400 व प्रयोग-2 में 20.510 किलो ग्राम धान की फसल प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने कृषक से बात कर फसलों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। किसानों को धान अपने नजदीकी सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने की सलाह दी, जिससे उन्हे अपने फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने किसान बंधुओं से आग्रह किया कि किसी भी बिचौलियों के बहकावे में न आये। जिलाधिकारी  ने जनपद के सभी किसानों से अपने-अपने खेतों में पराली न जलाने की भी अपील की।  अपर सांख्यिकीय अधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जनपद में फसलों की औसत, उपज और उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं, जिससे जनपद में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी हासिल की जाती है। अंतिम आंकड़े परीक्षण के उपरांत राज्य स्तर पर कृषि निदेशालय जारी करता है। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि निर्धारित की जाती है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनाकिया सहित अन्य सभी सम्बन्धित उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं