ब्रेकिंग न्यूज

कुड़वार बाजार में जल निगम की लापरवाही, सड़क पर बह रहा प्रतिदिन लाखों लीटर पीने का पानी


सुलतानपुर कुड़वार बाजार में जल निगम विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बाजार में सड़क के किनारे जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण प्रतिदिन लाखों लीटर स्वच्छ पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। एक तरफ जहां लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ता है, वहीं दूसरी तरफ हजारों लीटर कीमती पानी जिम्मेदार विभाग की उदासीनता के चलते रोजाना व्यर्थ बह रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे पाइपलाइन में काफी समय से लीकेज होने के कारण लगातार पानी निकल रहा है। पानी सड़क पर फैलने से आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। इससे बाजार आने-जाने वाले लोगों के साथ ही दुकानदारों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।हैरानी की बात यह है कि पेयजल की इतनी बड़ी बर्बादी के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत करा दी जाती तो प्रतिदिन बर्बाद हो रहे हजारों लीटर पानी को बचाया जा सकता था। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या लगातार बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार एक ओर जल संरक्षण और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुड़वार बाजार में जल निगम की पाइपलाइन से लगातार पानी बहना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर लीकेज वाली पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा भविष्य में इस तरह पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है।

कोई टिप्पणी नहीं