प्रेम-प्रसंग में विवाद के बाद आत्मदाह की कोशिश, आग से झुलसे किशोरी और युवक
सुल्तानपुर जिले के चांदा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद एक किशोरी और युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस के मुताबिक, गांव के शिवम सिंह (25) और 17 वर्षीय किशोरी के बीच कुछ महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार सुबह से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। देर शाम किशोरी शिवम के घर पहुंची, जहां दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई।इसी दौरान घर में रखे पेट्रोल से दोनों के शरीर पर आग लग गई। परिजनों ने आग बुझाई और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।सूचना मिलने पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।

कोई टिप्पणी नहीं