ब्रेकिंग न्यूज

बुलंदशहर में पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में इनामी नसीम दुरानी ढेर, 25 से अधिक मुकदमों में था आरोपित

 


बुलंदशहर में गुरुवार देर रात यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस और बुलंदशहर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश नसीम दुरानी उर्फ रिजवान मुठभेड़ में मारा गया। अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे-34 पर सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के सुखलालपुर मोड़ के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई।जिसमें नसीम को गोली लग गई।

घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक बदमाश की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नसीम दिल्ली में 16 नवंबर को हुई समीर की सनसनीखेज हत्या के मामले में वांछित था। इस हत्याकांड में समीर पर 15 से 20 गोलियां बरसाई गई थीं। वारदात दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर हुई थी। घटना के बाद से ही दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस के अनुसार नसीम पर दिल्ली पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वह गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। बताया जा रहा है कि नसीम के खिलाफ दिल्ली में हत्या के दो मामलों सहित हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसने पिछले छह महीनों के दौरान दिल्ली के खजूरी खास इलाके में दो हत्याओं को भी अंजाम दिया था।नसीम के तार डी-कंपनी से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है। उसे डी-ग्रुप का सदस्य बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम को नसीम की तलाश थी। गुरुवार रात सिकंदराबाद क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। संयुक्त ऑपरेशन को दिल्ली में हुई सनसनीखेज हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित बदमाश की तलाश के लिहाज से बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं