इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तत्वावधान में त्रिपाठी सभागार में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल की उपस्थिति में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार में बुनियादी जीवन रक्षक प्रणाली (सीपीआर) पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा एमजीएस विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा उपस्थित लोगों को सीपीआर देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया । जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रत्येक नागरिक को जागरूक एवं अपने दायित्वों के प्रति सजग होना चाहिए। सीपीआर एक महत्वपूर्ण जीवनरक्षक प्रक्रिया है, जिसकी जानकारी प्रत्येक जागरूक नागरिक को होनी चाहिए। किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर का सही समय पर प्रयोग किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाएं अत्यंत सराहनीय हैं। जिला प्रशासन द्वारा जनहित में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों के लिए आयोजकों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। कार्यशाला में वरिष्ठ ऑर्थाेपेडिक सर्जन एवं सीपीआर प्रशिक्षक डॉ0 ए0पी0 अरोड़ा ने प्रतिभागियों को सीपीआर देने की विधि का विस्तारपूर्वक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में सही तरीके से सीपीआर देकर पीड़ित व्यक्ति को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता हैं । कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए डॉ0 जे0पी0 सिंह ने सीपीआर प्रशिक्षण की आवश्यकता एवं इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आमजन को जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्रदान करने के लिए सक्षम बनाया जा सके। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ0 ए0के0 सिंह ने कहा कि हृदय की धड़कन अचानक रुकने की स्थिति में सीपीआर जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने कार्यशाला में सहभागिता करने वाले सभी अतिथियों, चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर, उप जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, वरिष्ठ समाजसेवी अमर बहादुर सिंह, डॉ0 सुभाष सिंह, डॉ0 अंकुर सेठ, डॉ0 सुधाकर सिंह, डॉ0 ए0एन0 सिंह, डॉ0 एस0के0 गोयल, सच्चिदानंद सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं