बिठूर से सीएम योगी का सपा पर वार, बोले- दंगाइयों का उपचार सिर्फ भाजपा के पास
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल संभव नहीं था। तत्कालीन सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनवाने के लिए धन खर्च करना सरकार के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल था। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सरकार की प्राथमिकता है और दंगाइयों से सख्ती से निपटा जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दंगाइयों का उपचार सिर्फ भाजपा के पास है। सीएम योगी ने अपने संबोधन में सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दोनों दलों की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में अपराध और अराजकता को बढ़ावा मिला। योगी ने कहा कि प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में धार्मिक स्थलों को विकसित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। बिठूर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के योगदान को भी याद किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, परिवहन सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं