ब्रेकिंग न्यूज

दुर्गा पूजा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, शाहगंज चौकी पर मेला कंट्रोल रूम का उद्घाटन


सुल्तानपुर दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।  शनिवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल की उपस्थिति में शाहगंज चौकी पर नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से स्थापित विशेष मेला कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया।

इस दौरान अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।दुर्गा पूजा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

इसके माध्यम से मेले के दौरान पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। कंट्रोल रूम के जरिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उनकी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके।गोमती नदी के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

श्रद्धालुओं को सतर्क करने और आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं और सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि लोग नदी के बढ़े जलस्तर के प्रति जागरूक रहें और किसी भी जोखिम से बच सकें।दुर्गा पूजा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे, जिससे मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मेला कंट्रोल रूम के उद्घाटन के साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शिकायतों का प्रभावी ढंग से निस्तारण करने की व्यवस्था की गई है।जिला प्रशासन एवं सुल्तानपुर पुलिस ने दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कोई टिप्पणी नहीं