जनगणना के आंकड़ों में शुद्धता सर्वोपरि, डीएम ने फील्ड ट्रेनरों को किया जागरूक
सुल्तानपुर भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना (Population Enumeration) कार्य को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (केएनआईटी) के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने फीता काटकर किया।कार्यक्रम के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण की तैयारियों का जायजा लिया तथा प्रशिक्षण में शामिल फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य की महत्ता एवं उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर केएनआईटी के प्राचार्य, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी , अपर उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रभारी अधिकारी (जनगणना) तथा जिला प्रभारी अधिकारी (जनगणना) रजनी शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम 05 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक कुल तीन बैचों में आयोजित होगा। पहले एवं दूसरे बैच में 05 से 07 अक्टूबर तक 30-30 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि तीसरे बैच में 08 से 10 अक्टूबर तक 28 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस प्रकार जिले में कुल 88 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि जनगणना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना प्रत्येक स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझें और आगे फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कार्मिकों को भी पूरी जानकारी एवं स्पष्टता के साथ प्रशिक्षित करें। डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका तय होती है। ऐसे में जनगणना के दौरान वास्तविक एवं सही आंकड़ों का संकलन बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनरों को निर्देशित किया कि वे फील्ड ट्रेनरों को पूरी तरह जागरूक एवं प्रशिक्षित करें, ताकि जनसंख्या गणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और फील्ड में जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक प्रक्रियाओं, सावधानियों एवं दायित्वों के बारे में स्पष्ट रूप से जानकारी दें। उन्होंने वास्तविक जनसंख्या संबंधी आंकड़ों के संकलन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सटीक जनगणना ही भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, बैचवार प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर भी जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जा सके।


कोई टिप्पणी नहीं