डीएम और एसपी ने पूजन-अर्चन कर बड़ी दुर्गा माता की विसर्जन शोभायात्रा को दिखाई हरी झंडी
सुल्तानपुर जनपद के ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत बड़ी दुर्गा माता की विसर्जन शोभायात्रा का शुभारंभ सोमवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ किया । जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बड़ी दुर्गा माता की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर जनपद में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर विसर्जन शोभायात्रा को रवाना किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित केंद्रीय पूजा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। धार्मिक परंपराओं और श्रद्धा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मां दुर्गा के प्रति भक्तों की आस्था देखने को मिली।दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विसर्जन शोभायात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इस अवसर पर जनपदवासियों को दुर्गा पूजा एवं विसर्जन शोभायात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया।बड़ी दुर्गा माता की विसर्जन शोभायात्रा जनपद के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा को भावभीनी विदाई देते हैं और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते हैं। धार्मिक उत्साह के बीच प्रशासन की ओर से आयोजन को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।इस दौरान केंद्रीय पूजा समिति के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं