सीताकुंड घाट पर देर रात पहुंचे एसपी, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सुलतानपुर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार की देर रात्रि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सीताकुंड घाट स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी तैनाती और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही श्रद्धालुओं से बातचीत कर विसर्जन स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया।ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन प्रक्रिया के दौरान पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा ।एसपी ने पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी आवश्यक है। इसलिए सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रत्याशित स्थिति पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।सीताकुंड घाट पर देर रात तक पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण का उद्देश्य विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा विभिन्न विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कतापूर्वक ड्यूटी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो तथा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर सकें।
कोई टिप्पणी नहीं