डीएम ने मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण
सुल्तानपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में पात्र नागरिकों का नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर को आयोजित मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील सदर अन्तर्गत मतदेय स्थल- बूथ संख्या-266, 267 व 268, राजकीय इंटर कॉलेज में बूथ संख्या-233, 234, 235, 236, 237 आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने हेतु प्राप्त आवेदनों, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा अभियान के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करें तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित प्रपत्र पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाया है। पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।उन्होंने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि मतदाता पंजीकरण के लिए आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, प्राप्त आवेदनों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए।जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि उनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर समस्त बूथ लेवल अधिकारी एवं सुपरवाइजर अपने बूथ पर पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 6ए, 7 एवं फार्म-8 के साथ उपस्थित रहे। इसी प्रकार विधान सभाओं के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नप्रिया, समस्त उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान कुल 5689 फार्म-6, 579 फार्म-7 व 651 फार्म-8 प्राप्त हुए। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न मतदेय स्थलों पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेन्ट तथा जनप्रतिनिधिगण द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं