त्योहारों से पहले सुलतानपुर में पुलिस अलर्ट,SP ने बाजारों में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
सुल्तानपुर आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक ने चौक, घंटाघर, पंचरस्ता, स्वीट हाउस समेत आसपास के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था को देखा और आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न होने देने पर विशेष ध्यान दिया जाए।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के सर्राफा व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों से त्योहारों के दौरान अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।एसपी ने सर्राफा प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए।
उन्होंने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए लगातार निगरानी एवं गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक की पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल की सक्रियता से बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



कोई टिप्पणी नहीं