ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा, 28 अगस्त से लागू


लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू कर दी है। ‘लोकमाता अहिल्या बाई मातृ शक्ति यात्रा योजना’ के तहत यह सुविधा 28 अगस्त 2026 से प्रदेशभर में लागू होगी। योजना को राज्यपाल ने भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि योजना का लाभ ऐसी महिला यात्री को मिलेगा, जिसकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो और वह उत्तर प्रदेश की निवासिनी हो। पात्र महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।निःशुल्क यात्रा का लाभ लेने के लिए महिला यात्री को आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान-पत्र प्रस्तुत करना होगा। पहचान पत्र के आधार पर ईटीआईएम मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। टिकट पर संबंधित बस का नंबर, यात्रा शुरू करने का स्थान और गंतव्य स्थान दर्ज होगा।इस व्यवस्था से यात्रा के दौरान महिला यात्री के पास निःशुल्क यात्रा का प्रमाण भी रहेगा और परिवहन निगम के स्तर पर यात्राओं का सही रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा।परिवहन मंत्री के अनुसार, निःशुल्क यात्रा करने वाली महिलाओं की वास्तविक संख्या और इसके एवज में होने वाली प्रतिपूर्ति का आकलन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम करेगा। निगम प्रत्येक माह निःशुल्क यात्राओं और देय प्रतिपूर्ति से संबंधित वास्तविक व्यय एवं उपयोग का संकलित और सत्यापित विवरण परिवहन विभाग को उपलब्ध कराएगा।सत्यापित विवरण के आधार पर सरकार द्वारा देय प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे योजना के तहत दी जा रही सुविधा का व्यवस्थित रिकॉर्ड और वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।सरकार की ओर से लाभार्थी महिलाओं को निःशुल्क यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किए जाने के संबंध में आवश्यकतानुसार अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। फिलहाल आधार कार्ड या मतदाता पहचान-पत्र के आधार पर योजना का लाभ लिया जा सकेगा।सरकार का यह निर्णय प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 28 अगस्त से शुरू हुई यह सुविधा बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा करने का अवसर देगी।

कोई टिप्पणी नहीं