ब्रेकिंग न्यूज

रक्षाबंधन पर बेटियों से राखी बंधवाकर सीएम योगी ने दिया स्नेह और सुरक्षा का संदेश


लखनऊ रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आई बेटियों से राखी बंधवाई। सीएम योगी ने बेटियों को उपहार भेंट कर उन्हें स्नेहाशीष दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी  ने बेटियों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी इच्छाओं, सपनों और भावनाओं के बारे में जानकारी ली तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए उन्हें निरंतर मेहनत अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीएम योगी ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बच्चों को अपने अंदर बेहतर सोच विकसित करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सीख दी।

सीएम योगी ने विशेष रूप से बच्चों से सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय व्यतीत करने से बचने और अच्छी एवं प्रेरणादायी पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से बेहतर लिखने का अभ्यास करने के लिए भी प्रेरित किया। सीएम योगी ने कहा कि पढ़ने और लिखने की आदत ज्ञान को बढ़ाने के साथ ही व्यक्तित्व के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बच्चों को अपने समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेटियों के साथ कई आत्मीय क्षण साझा किए। उन्होंने उनके साथ सेल्फी लेकर इस यादगार मुलाकात को कैमरे में भी संजोया। मुख्यमंत्री के साथ बेटियों की यह आत्मीयता कार्यक्रम के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र रही।‘स्नेहबंधन’ कार्यक्रम में रक्षाबंधन का पर्व केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह स्नेह, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक बना। मुख्यमंत्री ने बेटियों के प्रति अपनत्व और संरक्षण की भावना व्यक्त करते हुए उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने बच्चों को संदेश दिया कि वे अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें। अच्छी सोच, पुस्तकों से जुड़ाव, लेखन का नियमित अभ्यास और समय का सदुपयोग उन्हें जीवन में सफलता की ओर ले जाने में सहायक होगा। कार्यक्रम में बेटियों और मुख्यमंत्री के बीच भाई-बहन के स्नेह का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

कोई टिप्पणी नहीं