सुल्तानपुर में सीएम योगी ने कहा - पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया, अब वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज"
इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को डेमो चेक, आवास की चाबी, प्रशस्ति पत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित की।जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा "सियावर रामचंद्र की जय" के उद्घोष के साथ लोगों का अभिवादन किया और कहा कि रामायणकालीन स्मृतियों से जुड़ी सुल्तानपुर की पावन भूमि को नमन करते हुए वह जिले को विकास की नई सौगात देने आए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से जिले में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है तथा नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास भी किया गया है।
"पहले माफिया, अब मेडिकल कॉलेज"
बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश का किया उल्लेख
सीएम योगी ने कहा कि आज सुल्तानपुर से लोग मात्र 45 मिनट में अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क और एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास की नई पहचान बने हैं। डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत कर उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित किया है।
कल्याणकारी योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां
राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रस्ट की मांग पर तत्काल एसआईटी गठित की गई और प्रारंभिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं बल्कि अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करना है।उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर जनता के सहयोग से बना है और आज वहां त्रेता युग जैसी अनुभूति होती है। यही बात विपक्ष को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अयोध्या की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
वक्फ संपत्तियों और अतिक्रमण का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में माफियाओं द्वारा गरीबों और सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जाते थे, लेकिन अब किसी की अवैध कब्जा करने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने वक्फ संपत्तियों के मुद्दे पर भी विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ने कानून बनाकर पारदर्शिता लाने का प्रयास किया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे बनेगा इंडस्ट्रियल हब
योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक हब विकसित किया जाएगा, जिससे जिले के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सौंपे गए विकास प्रस्तावों पर भी जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।
इसौली विधानसभा का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इसौली विधानसभा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भाजपा का विधायक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के विधायक विकास कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं, क्योंकि जिन गतिविधियों में वे पहले लिप्त रहते थे, वे अब डबल इंजन सरकार में संभव नहीं हैं।
इन लाभार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता वितरित की। इनमें अनीता कुमारी को आवास की चाबी, सीमा मौर्य और निधि वर्मा (विद्युत सखी) को थर्मल प्रिंटर, संजू साहू (बीसी सखी) को प्रशस्ति पत्र, साधना देवी एवं नजमा को चेक, पूजा पाल और रीता को स्वयं सहायता समूह का चेक, रीमा देवी एवं आराधना को 50-50 हजार रुपये, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत अमन मौर्य को 5 लाख रुपये, निर्मला को 3 लाख रुपये, दयाशंकर भार्गव को 5 लाख रुपये, लक्ष्मी जायसवाल और गुलाबपति त्रिपाठी को नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना का लाभ तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना के तहत लक्ष्मण, अरुण कुमार, लीलावती देवी और पूनम को डेमो चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गिरीश नारायण यादव, विधायक विनोद सिंह, राजेश गौतम, राज प्रसाद उपाध्याय, सीताराम वर्मा, सुरेश गौतम, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल , रामचंद्र मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।






कोई टिप्पणी नहीं