ब्रेकिंग न्यूज

UP Police Constable Answer Key 2026 जारी, 20 से 23 जून तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति


लखनऊ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। इसके साथ ही भर्ती परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है। अब उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं।भर्ती बोर्ड ने आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति होने पर अभ्यर्थी 20 जून से 23 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 को देश की सबसे बड़ी सरकारी भर्ती परीक्षाओं में से एक माना जा रहा है। भर्ती अभियान के तहत कुल 32,679 कांस्टेबल पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए करीब 28.86 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।भर्ती परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में किया गया था। पहले दिन 9,62,832 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,23,540 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। अभ्यर्थियों की भारी संख्या इस भर्ती को लेकर युवाओं के उत्साह को दर्शाती है।परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई थी। इसके अलावा स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजर और पुलिस अधिकारियों की तैनाती भी की गई थी। हालांकि इसके बावजूद अनुचित साधनों के इस्तेमाल के पांच मामले सामने आए। जिनमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।ऑफलाइन मोड में आयोजित इस परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा 300 अंकों की थी तथा प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक निर्धारित थे। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 120 मिनट का समय दिया गया था। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू थी, जिसके तहत प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.5 अंक की कटौती की जाएगी।आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपने सही उत्तरों की संख्या को दो से गुणा कर तथा गलत उत्तरों के लिए निर्धारित कटौती घटाकर संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।ऐसे डाउनलोड करें आंसर-की अभ्यर्थियों को सबसे पहले UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां उपलब्ध ‘UP Police Constable Answer Key 2026’ लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। लॉगिन के बाद स्क्रीन पर प्रोविजनल आंसर-की दिखाई देगी।जिसे डाउनलोड कर सुरक्षित रखा जा सकता है।लिखित परीक्षा में सफल घोषित होने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल किया जाएगा। इसके तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), शारीरिक मानक परीक्षण (PST) तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।आंसर-की जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाहें फाइनल आंसर-की और भर्ती परीक्षा के परिणाम पर टिकी हुई हैं। उम्मीद की जा रही है कि आपत्तियों के निस्तारण के बाद बोर्ड जल्द ही अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा और इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं