ब्रेकिंग न्यूज

यूपी आउटसोर्स सेवा निगम के जरिए सितंबर से शुरू हो सकती हैं भर्तियां


लखनऊ उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग कार्मिक के रूप में नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को अभी कुछ और इंतजार करना होगा। निगम का ऑनलाइन पोर्टल तैयार न होने के कारण आउटसोर्सिंग भर्तियों की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। अब पोर्टल अगस्त तक तैयार होने की संभावना है। जिसके बाद सितंबर से भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है।प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन संबंधी शासनादेश जारी किया था। इसके तहत विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों को एक व्यवस्थित और पारदर्शी व्यवस्था के अंतर्गत लाने का निर्णय लिया गया था।शासनादेश के अनुसार आउटसोर्सिंग कर्मियों के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी के लिए अलग-अलग मासिक मानदेय तय किया गया है।

श्रेणी-1 के पदों के लिए ₹40,000 प्रतिमाह

श्रेणी-2 के पदों के लिए ₹25,000 प्रतिमाह

श्रेणी-3 के पदों के लिए ₹22,000 प्रतिमाह

श्रेणी-4 के पदों के लिए ₹20,000 प्रतिमाह

इस व्यवस्था का उद्देश्य आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को निर्धारित और पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित करना है।कंपनी अधिनियम के तहत उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का विधिवत गठन किया जा चुका है। निगम के संचालन के लिए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का चयन भी हो चुका है। इसके अलावा प्रबंध निदेशक (एमडी) और कार्यकारी निदेशक की नियुक्ति भी की जा चुकी है।निगम के लिए लखनऊ स्थित पिकप भवन में कार्यालय स्थापित किया जा रहा है।जिससे प्रशासनिक कार्यों को गति मिल सके।निगम के गठन और अधिकारियों की नियुक्ति जैसी सभी प्रमुख तैयारियां पूरी होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया केवल पोर्टल तैयार न होने के कारण शुरू नहीं हो पा रही है।उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार निगम का पोर्टल विकसित करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीडेस्को) को सौंपी गई है। यूपीडेस्को ने पोर्टल तैयार करने के लिए अगस्त तक का समय मांगा है।सूत्रों का कहना है कि पोर्टल तैयार होते ही निगम भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। ऐसे में सितंबर 2026 से आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियों का रास्ता साफ हो सकता है।प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के जरिए रोजगार पाने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं की निगाहें अब निगम की पहली भर्ती प्रक्रिया पर टिकी हैं। पोर्टल शुरू होने के बाद आवेदन, चयन और नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और अधिक पारदर्शी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं