ब्रेकिंग न्यूज

मुहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च


सुल्तानपुर आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने गुरुवार को भारी पुलिस बल के साथ शहर में संयुक्त पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया। इस दौरान अधिकारियों ने नगर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीएम और एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शाहगंज से घण्टाघर चौक तक पैदल मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा संबंधी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं, प्रबुद्ध जनों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनसे शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे सभी नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं से सावधान रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या शरारती तत्व दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दें।प्रशासन द्वारा मुहर्रम के मद्देनजर पूरे शहर में सतर्क निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी प्रशासन,अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त, संबंधित थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।प्रशासन का संदेश है कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि से दूर रहें।

कोई टिप्पणी नहीं