सुल्तानपुर में चोरी की कोशिश नाकाम: ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से दो चोर गिरफ्तार, दो फरार
सुल्तानपुर जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत विनोवापुरी बायपास रोड स्थित नखराही गांव में रविवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। घर में चोरी की नीयत से घुसे चार संदिग्धों में से दो को ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दो बजे चार अज्ञात व्यक्ति राकेश उपाध्याय के घर में चोरी की नीयत से घुस गए।
घर के सेकंड फ्लोर पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर परिजन सतर्क हो गए और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और संदिग्धों का पीछा शुरू कर दिया।इसी दौरान थाना कोतवाली देहात पुलिस की रात्रि गश्त टीम को सूचना मिली कि ग्राम विनोवापुरी में सहारा ढाबा के पीछे स्थित एक मकान में कुछ लोग चोरी के उद्देश्य से घुसे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके दो साथी फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।घटनास्थल से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोटरसाइकिल आरोपियों की है या किसी अन्य व्यक्ति की।क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि 22 जून 2026 की रात्रि लगभग 2 बजे कोतवाली देहात पुलिस की गश्त टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम विनोवापुरी में कुछ लोग एक घर में चोरी के इरादे से घुसे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों को घेर लिया। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी चोरी की घटना होने से बच गई।

कोई टिप्पणी नहीं