ब्रेकिंग न्यूज

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, डीएम एवं एसपी ने किया ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण


सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने  जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम के साथ रायबरेली रोड स्थित अंकारीपुर (दूबेपुर) में स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस (स्ट्रांग रूम) का जून 2026 का त्रैमासिक एवं आंतरिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट कक्ष, रिजेक्टेड यूनिट कक्ष, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था तथा परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का गहनता से निरीक्षण किया। साथ ही वेयर हाउस में उपलब्ध सुरक्षा प्रबंधों एवं ईवीएम मशीनों के रख-रखाव की स्थिति का भी जायजा लिया।अधिकारियों को जानकारी दी गई कि उक्त वेयर हाउस में विधानसभा क्षेत्र सुलतानपुर, सदर, लम्भुआ एवं कादीपुर की ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें सुरक्षित रूप से लॉक कर संरक्षित रखी गई हैं।निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सतत निगरानी एवं रखरखाव बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया, मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था एवं मशीनों के रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं