गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मी से लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना धम्मौर पुलिस ने गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मी से हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।थाना धम्मौर में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 107/2026, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज लूट की घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सुबह लगभग 10:17 बजे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्येन्द्र प्रताप सिंह (34) पुत्र गजेन्द्र प्रताप सिंह निवासी उघरपुर थाना धम्मौर तथा विशद मिश्रा (32 ) पुत्र अर्जुन मिश्रा निवासी बदौलिया मजरा उत्तरगांव थाना कुड़वार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय रवाना कर दिया गया।यह थी घटना।थाना धम्मौर में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार वादी विवेक तिवारी पुत्र गोविन्द प्रसाद तिवारी निवासी लोहरामऊ थाना कोतवाली देहात ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि 2 जून 2026 को वह अपने सेल्समैन हरिओम यादव के साथ गैस सिलेंडरों की डिलीवरी कर टाटा मैजिक वाहन संख्या UP33AT7517 से वापस लौट रहे थे।महेश्वरगंज नहर पुल से आगे बढ़ने पर नहर पटरी के पास शाम करीब 3:30 बजे काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और गैस सिलेंडर के पैसे अधिक लेने को लेकर सेल्समैन हरिओम यादव से विवाद करने लगे। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने हरिओम यादव से 9,100 रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना धम्मौर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार मामले के सफल अनावरण के लिए गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं