सुलतानपुर पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर; एसपी पहुंचीं घटनास्थल, गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
सुल्तानपुर गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र के कारी बहार (जसापारा) गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।घायल की पहचान आजाद वर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने घायल के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने मामले के शीघ्र एवं निष्पक्ष खुलासे के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों का तत्काल गठन करते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रभावी ढंग से सभी आवश्यक विधिक एवं पुलिस कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब 5:45 बजे गोसाईगंज थाने को सूचना मिली कि ग्राम कारी बहार (जसापारा) निवासी आजाद वर्मा को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि उसी घटना की रंजिश को लेकर सत्यम पांडे और उसके साथियों ने आजाद वर्मा पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल को तत्काल जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

कोई टिप्पणी नहीं