पुरानी रंजिश बनी बवाल की वजह, अस्पताल तक पहुंची मारपीट
सुल्तानपुर धनपतगंज थाना क्षेत्र के हरौरा बाजार में दो परिवारों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में पीएसी जवान सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपतगंज पहुंचाया गया।
जहां मेडिकल परीक्षण के दौरान भी दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।बताया जाता है कि हरौरा बाजार में किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल भेजा।हालांकि, अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा और मेडिकल परीक्षण के दौरान फिर से मारपीट हो गई। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच एक लड़का और लड़की के पूर्व संपर्क को लेकर विवाद चल रहा था, जो बाद में संघर्ष का कारण बना।सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मारपीट में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं