गंगा दशहरा से पहले डीएम और एसपी ने संभाली कमान, ड्यूटी में लगे कर्मियों को किया ब्रीफ
सुल्तानपुर आगामी पवित्र गंगा दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने ड्यूटी में तैनात अधिकारीगण एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ब्रीफ किया।ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला, धोपाप घाट थाना क्षेत्र लम्भुआ के सुचारू संचालन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा गया।इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, घाट क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ करने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए।जनपद पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।इस दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम लम्भुआ, क्षेत्राधिकारी लम्भुआ, क्षेत्राधिकारी लाइन्स, थाना प्रभारी लम्भुआ, थाना प्रभारी कादीपुर, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं