लाइक्स और व्यूज के लिए जान जोखिम में न डालें: सीएम योगी की युवाओं को भावनात्मक संदेश जारी
लखनऊ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर बढ़ते खतरनाक स्टंट और सेल्फी के चलन को लेकर बच्चों और युवाओं के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने दुनिया को “डिजिटल डेमोक्रेसी” में बदल दिया है और यह संचार व सूचना का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके दुष्प्रभाव भी तेजी से बढ़ रहे हैं। जो गंभीर चिंता का विषय हैं।मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पाती में लिखा कि आज के समय में कई युवा लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के दबाव में आकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रेलवे ट्रैक पर रील बनाना, ट्रेन के दरवाजों पर लटकना, तेज रफ्तार वाहनों पर स्टंट करना, और ऊंची इमारतों, पुलों, नदियों, एक्सप्रेसवे या पानी की टंकियों पर खतरनाक सेल्फी लेना एक खतरनाक प्रवृत्ति बन चुकी है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के कदम न केवल युवाओं के जीवन के लिए घातक हैं, बल्कि उनके परिवार और अपनों के सपनों को भी पलभर में तोड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं से अपील की कि वे “रील” और “रियल” के बीच का अंतर समझें और केवल लाइक व व्यूज के लिए अपने जीवन को दांव पर न लगाएं। उन्होंने कहा कि हर युवा पर परिवार, समाज, प्रदेश और देश के प्रति जिम्मेदारी है और सही दिशा में प्रयास करके ही वे वास्तविक नायक बन सकते हैं।सरकार की ओर से जारी इस संदेश में अभिभावकों की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करें, ताकि वे सोशल मीडिया का सही उपयोग कर सकें।उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।अंत में मुख्यमंत्री ने संदेश दिया कि सशक्त और सुरक्षित युवा ही एक समृद्ध प्रदेश की नींव होते हैं, और सुरक्षित रहते हुए ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।

कोई टिप्पणी नहीं